मणिपुर: बिष्णुपुर में घंटों फंसे रहने के बाद राहुल गांधी हेलीकॉप्टर से चुराचांदपुर रवाना

Voice of news 24

29 Jun 2023 20:59PM

 

मणिपुर दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी बृहस्पतिवार को बिष्णुपुर में घंटों फंसे रहने के बाद चुराचांदपुर के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए। सूत्रों ने यह जानकारी दी।.

क्षेत्र में राहत शिविरों का दौरा करने के लिए चुराचांदपुर जा रहे गांधी के काफिले को राज्य की राजधानी से लगभग 20 किलोमीटर दूर बिष्णुपुर में पुलिस ने रोक दिया था।.

हवाई अड्डे पर एक सूत्र ने बताया, ‘‘राहुल गांधी ने चुराचांदपुर जाने के लिए राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया। पुलिस और प्रशासन के शीर्ष अधिकारी हेलीकॉप्टर में उनके साथ थे।’’

सूत्रों ने बताया कि हिंसा प्रभावित मणिपुर की दो दिवसीय यात्रा पर आये कांग्रेस नेता गांधी बिष्णुपुर से इम्फाल हवाई अड्डे पर वापस आये और हेलीकॉप्टर में सवार हुए।

इस बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार हिंसा प्रभावित राज्य में गांधी की यात्रा को विफल करने का प्रयास कर रही है।

दूसरी ओर, भाजपा ने दावा किया कि गांधी को हेलीकॉप्टर से जाने के लिए कहा गया था क्योंकि उनकी यात्रा का विभिन्न वर्गों ने विरोध किया था लेकिन वह सड़क मार्ग से यात्रा करने पर ‘‘अड़े’’ हुए थे।