महराजगंज

महराजगंज जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस के दौरान पराली प्रबंधन, धान खरीद और उर्वरकों की उपलब्धता सहित किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली अथवा फसल अवशेष न जलाएं। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होने के साथ उसमें मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीव भी नष्ट हो जाते हैं। किसानों को फसल अवशेषों को खेत में मिलाने, कम्पोस्ट खाद बनाने अथवा गौशालाओं तक पहुंचाने के विकल्प अपनाने की सलाह दी गई।
सैटेलाइट निगरानी में सामने आईं 228 घटनाएं
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण और शासन के निर्देशों के क्रम में सैटेलाइट के माध्यम से पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखी जा रही है। 17 नवंबर 2026 तक जिले में पराली जलाने की कुल 228 घटनाएं चिह्नित की गई हैं।
56 किसानों पर लगा 2.80 लाख रुपये का जुर्माना
उप कृषि निदेशक ने बताया कि पराली जलाने के मामलों में अब तक 56 किसानों पर कुल 2 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। वहीं, निचलौल तहसील क्षेत्र में बिना सुपर एसएमएस के संचालित एक कंबाइन हार्वेस्टर मशीन को सीज किया गया है। इसके अलावा जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही मिलने पर पांच कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन की ओर से अब तक 25 टन पराली गौशालाओं को उपलब्ध कराई गई है, ताकि फसल अवशेषों का उपयोग वैकल्पिक तरीके से किया जा सके।
धान खरीद में परेशानी पर इन नंबरों पर करें शिकायत
जिलाधिकारी ने धान खरीद केंद्रों पर नियमानुसार तौल और खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से कहा कि धान खरीद में किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद, जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील कुमार गुप्ता, जिला उद्यान अधिकारी संजय कुमार रस्तोगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने गंगा घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण
https://t.co/E3IwuDhRrx
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 18, 2026


















