बड़ौत

बागपत जनपद के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान जनता वैदिक महाविद्यालय में हीरक जयंती एवं पैतृक संस्था के शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में आगामी 25 और 26 सितंबर को दो दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बागपत जनपद के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान जनता वैदिक महाविद्यालय में हीरक जयंती एवं पैतृक संस्था के शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में आगामी 25 और 26 सितंबर को दो दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर परिसर में राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांच के साथ-साथ ‘किसान मसीहा, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह विचार गोष्ठी’ का विशेष आयोजन होगा। बुधवार को महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष चौ. वीरेंद्रपाल सिंह लोहड्डा ने प्रेसवार्ता कर आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
उच्च शिक्षा मंत्री करेंगे कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ
प्रबंध समिति अध्यक्ष चौ. वीरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि समारोह के प्रथम दिन यानी 25 सितंबर को राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय द्वारा किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों की टीमें अपना दमखम दिखाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महाविद्यालय की गौरवशाली ऐतिहासिक उपलब्धियों और सुदीर्घ शैक्षिक यात्रा को स्मरण करने का पावन मंच बनेगा।
अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का होगा अनावरण
कार्यक्रम के दूसरे दिन, 26 सितंबर को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार महाविद्यालय परिसर में स्थापित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रतिमा अनावरण के उपरांत पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के आदर्शों, किसान कल्याण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि विकास जैसे समसामयिक विषयों पर एक वृहद विचार गोष्ठी होगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लब्धप्रतिष्ठ विद्वान और विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।
जनसहभागिता की अपील
समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए महाविद्यालय परिसर में व्यवस्थाओं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, खिलाड़ियों, पूर्व छात्रों और गणमान्य नागरिकों के जुटने की संभावना है।
प्रबंध समिति के अध्यक्ष चौ. वीरेंद्रपाल सिंह लोहड्डा ने कॉलेज के आजीवन सदस्यों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों से दोनों दिन अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर इस गौरवपूर्ण ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने का आह्वान किया है।
ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत; मची चीख-पुकार pic.twitter.com/Xfxy5YnoS4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 24, 2026












