बड़ौत

बागपत जनपद में डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए जनमित्र फाउंडेशन तथा बागपत साइबर सेल पुलिस की संयुक्त पहल पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बागपत जनपद में डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए जनमित्र फाउंडेशन तथा बागपत साइबर सेल पुलिस की संयुक्त पहल पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मदर टेरेसा एकेडमी (बड़ौत) से शुरू हुआ यह अभियान अब तक जनपद के छह प्रमुख विद्यालयों में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। पुलिस और संस्था की योजना अब इसे जिले के अन्य सभी इंटर कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों तक विस्तारित करने की है।
गौरतलब है कि अपर पुलिस अधीक्षक बागपत प्रवीण कुमार चौहान के निर्देश व मार्गदर्शन में इस अभियान की रूपरेखा तैयार की गई थी। बागपत पुलिस लाइन स्थित साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक के परीक्षण एवं सत्यापन के बाद इसे विद्यालयों में लागू किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान साइबर सेल पुलिस टीम और जनमित्र फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ साकिब ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर ऑनलाइन फ्रॉड के नए-नए तरीकों से अवगत कराया। छात्रों को फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी जॉब ऑफर, ऑनलाइन गेमिंग व निवेश के नाम पर होने वाली ठगी के मामलों की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने आगाह किया कि साइबर अपराधी अक्सर जल्दबाजी, लालच और तकनीकी लापरवाही का फायदा उठाते हैं। विद्यार्थियों को सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी सूरत में अपना ओटीपी (OTP), यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़े गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके साथ ही किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले उसकी पुष्टि करें।
विशेषज्ञ साकिब ने कहा कि एक छोटी सी असावधानी से लोगों की वर्षों की गाढ़ी कमाई मिनटों में उड़ जाती है। इसलिए ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया कि वे स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने माता-पिता और परिजनों को भी इन साइबर सुरक्षा नियमों के प्रति सचेत करें, ताकि समाज को साइबर ठगी से पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।
ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत; मची चीख-पुकार pic.twitter.com/Xfxy5YnoS4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 24, 2026












