बुलंदशहर
बुलंदशहर: जिरौली में जल निगम की लापरवाही से सड़कें बनीं ‘मुसीबत’, पाइपलाइन खुदाई के बाद गड्ढों में जलभराव से ग्रामीण हलकान
बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत जिरौली के ग्राम जिरौली में जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के नाम पर की गई खुदाई अब ग्रामीणों के लिए आफत बन गई है।

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत जिरौली के ग्राम जिरौली में जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के नाम पर की गई खुदाई अब ग्रामीणों के लिए आफत बन गई है। खुदाई के बाद सड़कों और गलियों को यूं ही छोड़ दिए जाने से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे पूरे गांव का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
बारिश ने बढ़ाई आफत, बच्चों और किसानों की राह हुई दुश्वार
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के बाद विभाग ने रास्तों की मरम्मत कराने की जहमत नहीं उठाई। हाल ही में हुई बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे रास्तों पर कीचड़ व जलभराव की स्थिति बन गई है। स्थिति यह है कि लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और खेतों की ओर जाने वाले किसानों को उठानी पड़ रही है। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
ग्राम प्रधान ने जताई चिंता, जल्द मरम्मत की उठाई मांग
मामले पर ग्राम प्रधान राजपाल सिंह ने भी गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि विभाग की अधूरी और लचर कार्यप्रणाली के कारण पूरे गांव की जनता परेशान है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से कड़े शब्दों में मांग की है कि पाइपलाइन का काम जल्द से जल्द निपटाकर क्षतिग्रस्त सड़कों और गलियों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
ग्रामीणों ने अभियंता संजय शर्मा से की शिकायत
समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल, जिसमें यशपाल सिंह चौहान, पूर्व प्रधान राहुल चौधरी, पूर्व प्रधान रामकिशन, एगरी सिंह, चरण सिंह, प्रवीण कुमार और राजेंद्र शामिल रहे, ने सिंचाई विभाग के अभियंता संजय शर्मा से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही रास्ते दुरुस्त नहीं किए गए तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।
अभियंता का दावा अंतिम चरण में काम, जल्द बनेगी सड़क
ग्रामीणों की शिकायत पर सिंचाई विभाग के अभियंता संजय शर्मा ने बताया कि गांव में पाइपलाइन बिछाने का कार्य अब अंतिम चरण में है। कुछ ही स्थानों पर पाइप डालने का काम बाकी रह गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस शेष कार्य को शीघ्र पूरा कराकर सभी क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बुलंदशहर जनपद के छतारी क्षेत्र के ग्राम लालगढ़ी में पिछले कई दिनों से दहशत का कारण बना मगरमच्छ आखिरकार वन विभाग के बिछाए जाल में फंस गया। सोमवार रात वन विभाग की टीम द्वारा लगाए गए बड़े पिंजरे में मगरमच्छ के कैद होते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। pic.twitter.com/b3sE9VR6FG
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 28, 2026












