बढ़नी: छत से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से दो बच्चे झुलसे, एक की हालत गंभीर

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के विकास खंड बढ़नी क्षेत्र के ग्राम पंचायत तौलिहवा टोला फुलवरिया गांव से एक दर्दनाक हादसे और प्रशासनिक उपेक्षा की बड़ी खबर सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के विकास खंड बढ़नी क्षेत्र के ग्राम पंचायत तौलिहवा टोला फुलवरिया गांव से एक दर्दनाक हादसे और प्रशासनिक उपेक्षा की बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार शाम घर की छत पर खेल रहे दो मासूम बच्चे पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट हाई वोल्टेज एचटी बिजली लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। हादसे में एक बच्चे की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।

छत पर खेलते समय हुआ दर्दनाक हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे 10 वर्षीय प्रिंस पुत्र राजेंद्र और 8 वर्षीय ललित पुत्र राम सकल घर की छत पर खेल रहे थे। इसी दौरान छत के बेहद पास से गुजर रहे नंगे हाई वोल्टेज बिजली के तार से बच्चे टकरा गए और करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजनों द्वारा तुरंत बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल एक बच्चे का इलाज इटवा और दूसरे बच्चे का इलाज जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर में चल रहा है।

रास्ता खराब होने से वापस लौटी 108 एंबुलेंस, प्राइवेट गाड़ी से पहुंचे अस्पताल

घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को जिला अस्पताल ले जाने के लिए 108 नंबर पर एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, गांव को जोड़ने वाला PWD मार्ग अत्यंत जर्जर और नदी कटान से क्षतिग्रस्त होने के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच सकी और रास्ते से ही वापस लौट गई।

लगभग दो घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करने के बाद, ग्रामीणों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया।

“शिकायत के बाद भी न तार बदले गए, न सड़क बनी” आक्रोशित ग्रामीण
गांव निवासी राजेंद्र, ललित, संजय कुमार आदि ग्रामीणों ने प्रशासनिक उपेक्षा पर कड़ा आक्रोश जताया है।

ग्रामीणों का आरोप

“छत के ऊपर से गुजर रहे जानलेवा नंगे तारों को हटाने और एलटी केबल लगाने के लिए बिजली विभाग से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं, PWD सड़क की जर्जर स्थिति और नदी कटान की समस्या से जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को बार-बार अवगत कराया गया, पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। आज रास्ते की खराबी के कारण एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे बच्चे की जान पर बन आई है।”

ग्रामीणों ने जल्द से जल्द जर्जर सड़क व कटान की समस्या के स्थायी समाधान और गांव के ऊपर से गुजर रहे खतरनाक नंगे तारों को हटाकर केबल लगाने की मांग की है।

 


Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.