लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी जनपद के दुधवा टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में अवैध रूप से ‘धरती का फूल’ जंगली मशरूम खोद रहे दो तस्करों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के दुधवा टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में अवैध रूप से ‘धरती का फूल’ जंगली मशरूम खोद रहे दो तस्करों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 20 किलोग्राम अवैध ‘धरती का फूल’ बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गश्त के दौरान रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दक्षिण सोनारीपुर रेंज के गुलरा प्रक्षेत्र में वन दरोगा अनुराग, वन रक्षक भानू यादव और बीट वाचरों की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी बेलरायां दीपक कुमार पांडेय और क्षेत्रीय वन अधिकारी (दक्षिण सोनारीपुर) अखिलेश कुमार शर्मा भी निरीक्षण के लिए मौके पर पहुँचे।
गश्त के दौरान टीम ने ग्राम मटैहिया थाना मझगई, तहसील पलिया) निवासी छड़ीराम (40) पुत्र लालजी और मंशाराम (35) पुत्र नारायन को जंगल में अवैध रूप से ‘धरती का फूल’ खोदते हुए रंगे हाथों धर दबोचा।
₹300 प्रति 250 ग्राम तक बिकता है ‘धरती का फूल’
अधिकारियों ने बताया कि ‘धरती का फूल’ और ‘कटरुआ’ मानसून के दौरान जंगलों में प्राकृतिक रूप से उगने वाले दुर्लभ उत्पाद हैं, जिनका इस्तेमाल सब्जी बनाने में किया जाता है। स्थानीय बाजारों में इसकी काफी मांग रहती है और यह ₹200 से ₹300 प्रति 250 ग्राम तक की ऊँची कीमतों पर बिकता है। इसी लालच में लोग जान जोखिम में डालकर घने जंगलों में अवैध प्रवेश करते हैं।
वन्यजीवों के आहार पर पड़ता है असर, मानव-जीव संघर्ष का खतरा
वन अधिकारियों के अनुसार, यह प्राकृतिक मशरूम जंगल के वन्यजीवों के आहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मानसून के समय बाघ, तेंदुआ और हाथी जैसे वन्यजीवों की गतिविधियाँ बढ़ जाती हैं। ऐसे में इंसानों का अवैध प्रवेश न केवल वन्यजीवों के भोजन चक्र को प्रभावित करता है, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष (Human-Wildlife Conflict) के खतरे को भी बढ़ा देता है।
टूटती सड़क दे रही मौत को दावत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश; ज्ञापन के बाद भी जिम्मेदार मौनhttps://t.co/wpu91ReqUL
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 20, 2026













