बलिया
बलिया 6 जुलाई सदर तहसील में सोमवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जब भूमि विवाद और अवैध कब्जे के सबसे ज्यादा मामले सामने आए, तो जिलाधिकारी का रुख बेहद कड़ा हो गया। डीएम ने दोटूक शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस का पूरा लेखा-जोखा:
कुल प्राप्त शिकायतें: 112
मौके पर निस्तारित: 10
डीएम का कड़ा निर्देश: लेखपाल, कानूनगो और पुलिस बल की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर ही भूमि विवादों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
इन दो बड़े मामलों पर डीएम ने लिया तत्काल एक्शन
सरकारी तालाब पर अवैध निर्माण पर गिरेगी गाज
चितबड़ागांव क्षेत्र से आई एक शिकायत में बताया गया कि कुछ लोगों ने सरकारी तालाब की भूमि पर 4 मकान बना लिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को तुरंत तालाब की पैमाइश कराने, खूंटा गाड़कर सरकारी भूमि चिह्नित करने और तालाब की साफ-सफाई कराने के सख्त निर्देश दिए।
कोरन्डाडीह भूमि विवाद में थाना प्रभारी को निर्देश
विकास खंड सोहांव के ग्राम कोरन्डाडीह से आई शिकायत जिसमें कुछ लोग शिकायतकर्ता को उसकी जमीन पर कब्जा नहीं करने दे रहे थे) पर एक्शन लेते हुए डीएम ने नरही थाना प्रभारी को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने और पीड़ित को उसकी भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।
मौके पर मौजूद रहे ये अधिकारी
इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई के दौरान एसडीएम सदर अभिनेंद्र सिंह सहित विभिन्न प्रशासनिक व पुलिस विभागों के आला अधिकारीमौजूद रहे।













