लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी जनपद के पेड़ से गिरने के कारण रीढ़ की हड्डी स्पाइन में गंभीर चोट लगने और कमर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह प्रभावित हो जाने के बाद 30 वर्षीय नवल किशोर के लिए जीवन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के पेड़ से गिरने के कारण रीढ़ की हड्डी स्पाइन में गंभीर चोट लगने और कमर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह प्रभावित हो जाने के बाद 30 वर्षीय नवल किशोर के लिए जीवन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था। लेकिन ओयल स्थित 20 बेड ट्रामा सेंटर के चिकित्सकों ने एक बेहद जटिल और संवेदनशील सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर उन्हें नई जिंदगी और उम्मीद दी है। ऑपरेशन के बाद मरीज के स्वास्थ्य में लगातार उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जामबौर निवासी नवल किशोर बीते 24 जून 2026 को पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। इस दर्दनाक हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई थी, जिससे उनके शरीर के निचले हिस्से ने काम करना बंद कर दिया था। आपातकालीन स्थिति में परिजन उन्हें ओयल ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों की टीम ने कई घंटे किया ऑपरेशन
ट्रामा सेंटर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीज की गंभीर स्थिति और सभी जरूरी जांच रिपोर्ट देखने के बाद रीढ़ की हड्डी की जटिल सर्जरी करने का तत्काल निर्णय लिया। कई घंटे तक चले इस संवेदनशील ऑपरेशन को ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. हरिराम वर्मा, डॉ. विनोद, डॉ. फैजल, डॉ. शशांक तथा एनेस्थेटिस्ट डॉ. जयराम की संयुक्त टीम ने बेहद कुशलता के साथ पूरा किया।
पैरों में लौटने लगी हलचल
चिकित्सकों के अनुसार, सफल ऑपरेशन के बाद मरीज नवल किशोर की स्थिति में लगातार सुधार देखा जा रहा है। उनके शरीर के निचले हिस्से में अब धीरे-धीरे गतिविधियां (मूवमेंट) वापस लौटने लगी हैं। फिलहाल मरीज को डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है और उन्हें नियमित फॉलो-अप के साथ फिजियोथेरेपी दी जा रही है।
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने इस बड़ी कामयाबी पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ओयल ट्रामा सेंटर में अब जटिल ऑर्थोपेडिक और ट्रॉमा मामलों का सफल इलाज मुमकिन हो चुका है, जिससे गंभीर मरीजों को लखनऊ या अन्य बड़े शहरों की तरफ नहीं भागना पड़ रहा है। यह स्थानीय स्तर पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और बेहतर टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण है। वहीं, मरीज के परिजनों ने डॉक्टरों को भगवान का रूप बताते हुए ट्रामा सेंटर के स्टाफ और स्वास्थ्य विभाग का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़: स्कूल में चोरी करने वाला शातिर बदमाश पिंकल गोली लगने से घायल, अवैध तमंचा व चोरी का माल बरामदhttps://t.co/kLWfHpz7Fv
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 3, 2026












