सहारनपुर
सहारनपुर जनपद के ग्राम हीराहेड़ी में रास्ते के मामूली विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब एक दबंग पक्ष ने दूसरे परिवार पर लाठी-डंडों, फरसे और चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सहारनपुर जनपद के ग्राम हीराहेड़ी में रास्ते के मामूली विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब एक दबंग पक्ष ने दूसरे परिवार पर लाठी-डंडों, फरसे और चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने न सिर्फ पीड़ित के घर में घुसकर मारपीट की, बल्कि आंगन में खड़ी दो कारों और घर के भीतर लगी एलसीडी टीवी समेत अन्य सामान को भी बुरी तरह तोड़ दिया। मामले की लिखित तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
ग्राम हीराहेड़ी निवासी पीड़ित अफ़जाल पुत्र मकसूद के अनुसार, वह रात करीब 8:30 बजे अपनी कार से घर लौट रहा था। गांव के रास्ते में जाकिर (पुत्र जफ़र) की भैंसागाड़ी बुग्गी बीचों-बीच खड़ी थी, जिससे अक्सर रास्ता जाम होता है। जब अफ़जाल ने सार्वजनिक हित को देखते हुए जाकिर से बुग्गी किनारे हटाने को कहा, तो जाकिर आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि कुछ ही देर बाद जाकिर ने एक सोची-समझी साजिश के तहत अपने पूरे कुनबे को इकट्ठा कर लिया। हमलावर मुक्तादिर, जहांगीर, कादिर (तीनों पुत्रगण इरफान), ताहिर (पुत्र जफ़र), अनस (पुत्र रिजवान), अली (पुत्र साबिर), साबिर (पुत्र जफ़र) और रिजवान (पुत्र जफ़र) हाथों में धारदार चाकू, फरसा, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर सीधे अफ़जाल के घर में घुस गए।
हमलावरों ने अफ़जाल, उसके भाई समराज और बहन पाकिजा को घेरकर चाकुओं व लाठियों से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे तीनों लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार संख्या UP 11 DJ 7863 और एक अन्य क्विड (Kwid) कार को लाठियां बरसाकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और घर के अंदर लगी एलसीडी टीवी भी तोड़ डाली।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण बिलाल और सावेज आदि ने बीच-बचाव कर पीड़ित परिवार को बचाया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़: स्कूल में चोरी करने वाला शातिर बदमाश पिंकल गोली लगने से घायल, अवैध तमंचा व चोरी का माल बरामदhttps://t.co/kLWfHpz7Fv
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 3, 2026













