संभल: मेड़ के विवाद में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला जहानपुर, लाठी-डंडों के खूनी संग्राम में 10 लोग घायल

संभल

संभल/रजपुरा जनपद के रजपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहानपुर गांव में शनिवार को खेत की मेड़ का पुराना विवाद अचानक भीषण खूनी संघर्ष में बदल गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

संभल/रजपुरा जनपद के रजपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहानपुर गांव में शनिवार को खेत की मेड़ का पुराना विवाद अचानक भीषण खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव की गलियों में ताबड़तोड़ गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी और लाठी-डंडों से हुए जानलेवा हमले में दोनों पक्षों के लोग लहूलुहान हो गए। देखते ही देखते पूरा गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और इलाके में भारी दहशत फैल गई। डर के मारे महिलाएं और बच्चे घरों में दुबक गए, जबकि लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पक्ष के कुछ लोग किसी दावत में शामिल होने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में घात लगाकर बैठे दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें रोक लिया। पहले दोनों ओर से तीखी कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसने कुछ ही पलों में हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्ष लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। इसी बीच हवा में कई राउंड फायरिंग होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

इस भीषण संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 10 लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष के पांच लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिनमें से एक व्यक्ति को गोली लगी है और चार अन्य लाठी-डंडों की चोट से लहूलुहान हैं। घायलों की चीख-पुकार के बीच परिजनों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारी भी तुरंत जहानपुर गांव पहुंच गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया और गांव में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की।

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP दक्षिणी) मनोज कुमार रावत ने बताया कि खेत की मेड़ को लेकर दो पक्षों में विवाद और मारपीट की घटना हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं मिली है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है; फायरिंग और हिंसा में शामिल अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.