जौनपुर: संदीप सिंह हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय; ₹1 करोड़ मुआवजे और पत्नी को सरकारी नौकरी की उठाई मांग

जौनपुर

जौनपुर जनपद के सिकरारा थाना क्षेत्र के टेकारी गांव निवासी प्रमुख प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह की लखनऊ में हुई सनसनीखेज हत्या का मामला अब पूरी तरह गरमा गया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद के सिकरारा थाना क्षेत्र के टेकारी गांव निवासी प्रमुख प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह की लखनऊ में हुई सनसनीखेज हत्या का मामला अब पूरी तरह गरमा गया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मृतक संदीप सिंह के पैतृक आवास पहुंचे। अजय राय ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में कांग्रेस पार्टी की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

खानापूर्ति बंद करे सरकार, 1 करोड़ का मुआवजा और नौकरी दे अजय राय

पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार के सामने दो प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार से पुरजोर मांग की कि

₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता: मृतक प्रॉपर्टी कारोबारी के आश्रित परिवार को भरण-पोषण के लिए तत्काल एक करोड़ रुपये की आर्थिक मुआवजा राशि दी जाए।

सरकारी नौकरी: संदीप सिंह की पत्नी को उनकी योग्यता के अनुसार अविलंब सरकारी नौकरी सुनिश्चित कराई जाए।

अजय राय ने कड़े लहजे में कहा कि शासन और प्रशासन इस जघन्य हत्याकांड में केवल कागजी दिखावा और औपचारिकता न करे, बल्कि हत्या की साजिश रचने वाले असली चेहरों और सफेदपोशों के खिलाफ कड़ी व ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करे।

एक हफ्ता बीता, लेकिन पुलिस के हाथ अब भी शूटरों से खाली

प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए अजय राय ने आरोप लगाया कि लखनऊ पुलिस ने महज ‘खानापूर्ति’ करने के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में तो ले लिया है, लेकिन घटना के एक सप्ताह (7 दिन) बीत जाने के बाद भी मुख्य शूटरों और असल कातिलों का पता लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े हत्या हो जाना और कातिलों का फरार रहना पुलिस के इकबाल पर बड़ा सवालिया निशान है।

मासूम बच्चों से मिलकर भावुक हुए कांग्रेस अध्यक्ष, भाजपा पर साधा निशाना

दोपहर करीब सवा दो बजे टेकारी गांव पहुंचे अजय राय ने सबसे पहले संदीप सिंह के बड़े भाई सतीश सिंह से मुलाकात कर पूरी घटना के क्रम और अब तक हुई पुलिसिया कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद वह संदीप सिंह के दोनों मासूम बच्चों के पास पहुंचे और उनसे बातचीत कर उनका हालचाल जाना, जहाँ माहौल काफी गमगीन हो गया।

भारतीय जनता पार्टी पर सीधा निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा

उत्तर प्रदेश में कानून का राज पूरी तरह खत्म हो चुका है और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। प्रदेश में हत्या, लूट और रंगदारी जैसी संगीन वारदातें आम हो चुकी हैं, लेकिन सरकार और उसके नुमाइंदे केवल बड़ी-बड़ी बातें करने और औपचारिकताएं पूरी करने में व्यस्त हैं। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। हम इस मामले को विधानसभा से लेकर सड़क तक गंभीरता से उठाएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।

लखनऊ में हुई संदीप सिंह की हत्या के बाद से ही जौनपुर के कारोबारी जगत और स्थानीय जनता में गहरा रोष है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है, जिससे अब पुलिस प्रशासन पर मुख्य आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का दबाव और बढ़ गया है।

Voice Of News 24

 

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.