बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और रिंग रोड का औचक निरीक्षण, मंडलायुक्त ने दी जुर्माना लगाने की चेतावनी

बलरामपुर

बलरामपुर जनपद के देवीपाटन मंडल की मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंगलवार को जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के साथ जनपद में निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय और रिंग रोड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर जनपद के देवीपाटन मंडल की मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंगलवार को जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के साथ जनपद में निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय और रिंग रोड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्थाओं की लचर कार्यशैली और कछुआ गति को देखकर मंडलायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया और सख्त लहजे में निर्देश जारी किए।

मंडलायुक्त ने विश्वविद्यालय परिसर का बारीकी से जायजा लेते हुए एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, एकेडमिक ब्लॉक, छात्रावास भवन, फैकल्टी आवास, लाइब्रेरी, लिफ्ट इंस्टॉलेशन, इलेक्ट्रिकल वर्क, सीवर सिस्टम और अग्निशमन व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विश्वविद्यालय के सभी फिनिशिंग कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं। लोकार्पण की तैयारियों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने मजबूत ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आगामी मानसून में जलभराव की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय पूरे मंडल के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा, इसलिए इसकी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

विश्वविद्यालय के बाद मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना का निरीक्षण किया। यहां प्वाइंट 3.800 और 5.400 पर चल रहे कलवर्ट (पुलिया) निर्माण कार्यों की बेहद धीमी प्रगति को देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि बारिश शुरू होने से पहले हर हाल में एप्रोच रोड और कलवर्ट का काम पूरा कर लिया जाए। मंडलायुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा कि रिंग रोड शहर की यातायात व्यवस्था और विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, यदि काम में अनावश्यक देरी पाई गई तो संबंधित कार्यदायी संस्था पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कठोर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

 

Voice Of News 24