अनूपशहर
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सरकारी यूरिया खाद की ब्लैक मार्केटिंग करने वाले अंतरराज्यीय सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस और कृषि विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सरकारी यूरिया खाद की ब्लैक मार्केटिंग करने वाले अंतरराज्यीय सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस और कृषि विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन ने इस यूरिया घोटाले के मास्टरमाइंड और मुख्य तस्कर मोहम्मद हारून के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई की है। इस बड़े एक्शन से खाद माफियाओं और कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
सरकारी यूरिया की कालाबाजारी को बेहद गंभीरता से लेते हुए बुलंदशहर के जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने मुख्य तस्कर मोहम्मद हारून निवासी टांडा, रामपुर के खिलाफ एनएसए लगाने का कड़ा आदेश जारी किया। जिलाधिकारी के इस आदेश के बाद अनूपशहर पुलिस ने मुख्य आरोपी पर नकेल कस दी है। सरकारी तंत्र और किसानों के हक पर डाका डालने वाले इस पूरे सिंडिकेट में शामिल अब तक 8 आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
इस पूरे घोटाले का पर्दाफाश बेहद सनसनीखेज अंदाज में हुआ था। जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव को जब सरकारी यूरिया की तस्करी का इनपुट मिला, तो उन्होंने किसी फिल्मी विलेन की तरह भाग रहे तस्करों का करीब 40 किलोमीटर तक पीछा किया। आखिरकार, अनूपशहर पुलिस के सहयोग से अनूपशहर के गंगा पुल पर घेराबंदी करके यूरिया से लदे 3 बड़े ट्रकों को दबोच लिया गया।
पकड़े गए तीनों ट्रकों से 1,575 कट्टा सरकारी यूरिया बरामद हुआ था, जिसे ब्लैक मार्केटिंग के जरिए ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
कृषि विभाग और अनूपशहर पुलिस की इस संयुक्त और ताबड़तोड़ कार्रवाई ने खाद की कालाबाजारी करने वाले पूरे नेटवर्क की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी है। जिला प्रशासन का साफ कहना है कि किसानों के हक की खाद पर डाका डालने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस जेल जा चुके 8 आरोपियों के अलावा इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सफेदपोशों और करीबियों की कुंडली खंगालने में जुटी है।
बुलंदशहर डबल मर्डर का मुख्य आरोपी ‘मोमिन’ चंद घंटों में गिरफ्तार, पिता की लाइसेंसी पिस्टल से की थी पिता-पत्नी की हत्या
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 24, 2026























