शिकारपुर
बुलंदशहर जनपद में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अंतरिक्ष जैन और क्षेत्राधिकारी शिकारपुर शशांक सिंह ने संयुक्त रूप से थाना शिकारपुर का औचक निरीक्षण किया और वहां तैनात समस्त पुलिसकर्मियों की विशेष गणना ली। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिस बल की उपस्थिति, अनुशासन और उनकी कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सोशल मीडिया पॉलिसी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
थाना परिसर में आयोजित गणना के दौरान पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने कहा कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को ‘उत्तर प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया पॉलिसी’ और महानिदेशक (DG) कार्यालय द्वारा जारी विभिन्न परिपत्रों का अक्षरशः अनुपालन करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता या सोशल मीडिया पर वर्दी की गरिमा के खिलाफ किसी भी तरह की गतिविधि पाए जाने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रिक्रूट आरक्षियों की समीक्षा; जनता से मधुर व्यवहार की सीख
इस विशेष सत्र के दौरान थाने में तैनात नए रिक्रूट आरक्षियों (नवनियुक्त सिपाहियों) के कार्यों, उनके व्यावहारिक प्रशिक्षण और दक्षता की भी गहन समीक्षा की गई। सीओ शिकारपुर शशांक सिंह ने नए आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण मनोयोग, सत्यनिष्ठा और कड़े अनुशासन के साथ अपनी सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम जनता की सेवा करना है, इसलिए फरियादियों और आम जनमानस के साथ हमेशा विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखें, जिससे खाकी के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।
थाना परिसर में चलाया गया स्वच्छता अभियान
विभागीय दिशा-निर्देशों और गणना कार्यक्रम के समापन के उपरान्त ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत थाना परिसर को साफ और स्वस्थ रखने के उद्देश्य से एक विशेष श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसपी ग्रामीण और सीओ की मौजूदगी में थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिसकर्मियों ने हाथों में झाड़ू थामकर थाना परिसर, कार्यालयों और मालखाने के आस-पास सघन सफाई अभियान चलाया। सभी पुलिसकर्मियों ने मिलकर परिसर के कोने-कोने को स्वच्छ किया और समाज को स्वच्छता का एक सकारात्मक संदेश दिया।
आज शुक्रवार सुबह 11:00 बजे ठूठीबारी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धरमौली निवासी जितेंद्र कनौजिया (33 वर्ष) पुत्र अकलू कनौजिया ने संदिग्ध परिस्थितियों में खाया विषाक्त पदार्थ। आनन-फानन में एंबुलेंस द्वारा लाया गया सीएचसी निचलौल, जहां हालत बिगड़ते देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेजा। pic.twitter.com/KyMAa7xEJP
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 22, 2026























