डिबाई में दर्दनाक हादसा: तीसरी मंजिल की छत से गिरकर महिला की मौत, नए मकान के लेंटर पर डाल रही थी पानी, परिवार में कोहराम

डिबाई

बुलंदशहर जनपद के डिबाई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महादेव में शनिवार दोपहर एक अत्यंत हृदयविदारक हादसा सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के डिबाई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महादेव में शनिवार दोपहर एक अत्यंत हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहाँ अपने निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की छत पर तराई पानी लगाना करते समय अचानक पैर फिसलने से एक 50 वर्षीय महिला नीचे पक्के फर्श पर आ गिरी। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

नए लेंटर की तराई के दौरान फिसला पैर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला महादेव निवासी जयप्रकाश के मकान में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। बीते शुक्रवार को ही उनके मकान की तीसरी मंजिल पर लेंटर डाला गया था। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे जयप्रकाश की 50 वर्षीय पत्नी पंकज नए लेंटर को मजबूती देने के लिए उस पर तराई करने तीसरी मंजिल की छत पर चढ़ी थीं।

छत पर पानी छिड़कने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे अनियंत्रित होकर सीधे तीन मंजिल नीचे पक्के फर्श पर आ गिरीं। भारी आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी और परिजन तुरंत मौके की तरफ दौड़े।

अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

खून से लथपथ और अचेत अवस्था में परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहाँ प्राथमिक जांच के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत अलीगढ़ के हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अलीगढ़ पहुँचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद पंकज को मृत घोषित कर दिया।

मेहनत-मजदूरी कर आशियाना बना रहा था परिवार

इस भीषण हादसे ने पूरे परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। मृतका के पति जयप्रकाश कस्बे में ही ठेले पर केला बेचकर किसी तरह मेहनत-मजदूरी से अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और तिनका-तिनका जोड़कर अपना आशियाना बना रहे थे। मृतका अपने पीछे पति, तीन बेटियां जिनमें से दो की शादी हो चुकी है और एक बेटा छोड़ गई हैं। माँ के इस तरह अचानक चले जाने से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए मृतका के घर पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा है।

 


Voice Of News 24