अनूपशहर: पुलिस चौकी के सामने से सरेआम गुजर रही अवैध रेत की बुगियां; गंगा नदी में खनन का धंधा जोरों पर, प्रशासन मौन

अनूपशहर

बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद पावन गंगा नदी से अवैध रेत खनन का काला कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद पावन गंगा नदी से अवैध रेत खनन का काला कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को चुनौती देते हुए मुख्य चौकियों के सामने से अवैध रेत की सप्लाई कर रहे हैं। जिम्मेदार विभाग की इस रहस्यमयी चुप्पी से स्थानीय जनता में गहरा आक्रोश है।

गंगा पुल चौकी के सामने से बेखौफ गुजर रहे खनन माफिया

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनूपशहर नगर में अवैध खनन का धंधा दिनों-दिन पैर पसारता जा रहा है। ताजा मामले के मुताबिक, गंगा नदी के तटों से अवैध रूप से निकाला जा रहा रेत प्रतिदिन सरेआम गंगा पुल चौकी के सामने से होकर गुजरता है। खनन माफिया बिना किसी डर के भैंसा बुगियों में रेत लादकर पुलिस चौकी के ठीक सामने से परिवहन कर रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग और स्थानीय पुलिस इस ओर ध्यान न देकर आंखें मूंदे बैठी है।

घर-घर हो रही अवैध रेत की सप्लाई

गंगा नदी का सीना चीरकर निकाला जा रहा यह अवैध रेत नगर के विभिन्न रिहायशी इलाकों में पहुँचाया जा रहा है। जहां भी नए मकान या व्यावसायिक भवनों का निर्माण हो रहा है, वहां इन बुगियों के माध्यम से अवैध रेत की होम डिलीवरी धड़ल्ले से की जा रही है। इस अवैध कारोबार से जहां पर्यावरण को अपूरणीय क्षति पहुँच रही है, वहीं शासन को मिलने वाले राजस्व को भी चूना लगाया जा रहा है।

जनता ने जिलाधिकारी से की तत्काल रोक लगाने की मांग

इस खुलेआम चल रहे अवैध धंधे और पुलिस की कार्यप्रणाली से त्रस्त नगर की जनता ने गहरी नाराजगी जताई है। स्थानीय नागरिकों ने समाचार के माध्यम से बुलंदशहर के जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि इस मामले का तत्काल संज्ञान लिया जाए। जनता की मांग है कि गंगा पुल चौकी के सामने से गुजरने वाले इन अवैध वाहनों को सीज किया जाए, खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और इसमें संलिप्त भू-माफियाओं व शह देने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए।

 


Voice Of News 24