बलिया: सरकारी नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी; कोर्ट क्लर्क बनवाने के झांसे में फंसा युवक

बलिया

बलिया जनपद के रसड़ा थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


बलिया जनपद के रसड़ा थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने एक स्थानीय युवक पर कोर्ट में क्लर्क की नौकरी दिलाने के नाम पर 3 लाख रुपये ठगने और पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

मुख्यमंत्री से करीबी संबंधों का दिया झांसा

पीड़ित मु. यूनुस निवासी मेरुराय का पूरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रसड़ा गोरया स्थान निवासी अविनाश सोनी ने खुद को भाजपा आईटी विभाग का विधानसभा संयोजक बताते हुए दावा किया था कि उसके मुख्यमंत्री और कई मंत्रियों से करीबी संबंध हैं। आरोपी ने इसी रसूख का हवाला देकर यूनुस को न्याय विभाग में ‘कोर्ट क्लर्क टाइपिस्ट’ की नौकरी लगवाने का झांसा दिया।

किस्तों में हड़पे 3 लाख रुपये

शिकायती पत्र के अनुसार, आरोपी ने नौकरी पक्की कराने के नाम पर किस्तों में कुल 3 लाख रुपये लिए। आरोप है कि नवंबर 2024 में विभिन्न तिथियों पर फोनपे और बैंक खातों के माध्यम से यह रकम आरोपी के खाते में भेजी गई। पैसा लेने के बाद आरोपी एक साल तक नियुक्ति का भरोसा देता रहा, लेकिन जब नौकरी नहीं मिली तो पीड़ित ने पैसे वापस मांगे।

चेक हुआ बाउंस, अब मिल रही धमकी

पीड़ित का आरोप है कि दबाव बनाने पर आरोपी ने 2 लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। हालांकि, बाद में आरोपी ने 1 लाख 40 हजार रुपये वापस किए, लेकिन शेष 1 लाख 60 हजार रुपये मांगने पर वह मुकर गया। पीड़ित का कहना है कि अब आरोपी अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित ने थाना प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और अपनी बकाया राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

 

Voice Of News 24