मऊ: प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती, हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद उतरी नीचे

मऊ

मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनी मुबारकपुर गांव में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़कर ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनी मुबारकपुर गांव में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़कर ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए।

परिजनों के इनकार से थी नाराज

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर गांव की रहने वाली इस युवती का लखनी मुबारकपुर के एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और शादी के लिए राजी नहीं हो रहे थे। इसी बात से आहत होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाते हुए टॉवर पर चढ़ने का फैसला किया।

पुलिस और प्रेमी की समझाइश आई काम

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने काफी देर तक युवती को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक को मौके पर बुलाया। जब प्रेमी ने सबके सामने शादी करने का भरोसा दिया, तब जाकर युवती टॉवर से नीचे उतरी।

अधिकारियों का बयान

घोसी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) जितेंद्र सिंह ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। वर्तमान में उसे कोतवाली ले जाया गया है, जहाँ दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर बातचीत के जरिए मामले का शांतिपूर्ण निस्तारण करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

Voice Of News 24