महराजगंज: गलत इंजेक्शन से किशोरी की मौत मामले में झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार, मात्र छठवीं पास है आरोपी

महराजगंज

महराजगंज जनपद में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। कोतवाली पुलिस ने एक 16 वर्षीय किशोरी को गलत इंजेक्शन लगाकर मौत की नींद सुलाने वाले फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। कोतवाली पुलिस ने एक 16 वर्षीय किशोरी को गलत इंजेक्शन लगाकर मौत की नींद सुलाने वाले फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की शैक्षणिक योग्यता जानकर पुलिस भी दंग रह गई।

क्या है पूरा मामला?

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कटहरा खास (टोला उसरहवा) का है। यहाँ की एक किशोरी के पैर में फोड़ा-फुंसी की समस्या थी, जिसके उपचार के लिए परिजन उसे गांव के ही कथित डॉक्टर धर्मेंद्र के पास ले गए थे। आरोप है कि बिना किसी चिकित्सकीय योग्यता के आरोपी ने किशोरी को एक इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही किशोरी की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छठवीं पास ‘डॉक्टर’ का कारनामा

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्त धर्मेंद्र (40 वर्ष) के बारे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी मात्र छठवीं पास है और गांव में अवैध रूप से क्लीनिक चलाकर लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मु0अ0सं0 216/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस (BNS) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया है।

पुलिस टीम और अपील

प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नागेंद्र मणि, आयुष कुमार और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को धर दबोचा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी बीमारी की स्थिति में केवल पंजीकृत और योग्य (डिग्री धारक) डॉक्टरों से ही परामर्श लें, ताकि झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही का शिकार होने से बचा जा सके।

 

Voice Of News 24