पनियरा
महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बांकी रेंज के दौलतपुर बीट के जंगल में गुरुवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बांकी रेंज के दौलतपुर बीट के जंगल में गुरुवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव बभनौली–परतावल मार्ग के पास एक ईंट भट्ठे के उत्तर दिशा में जंगल के काफी अंदर साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया गया।
लकड़ी बीनने वाली महिलाओं ने देखा शव
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के बाद गुरुवार को जंगल में लकड़ी बीनने वाली महिलाओं की आवाजाही अधिक थी। इसी दौरान कुछ महिलाओं की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया और ग्रामीणों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
विवाहित महिला होने की संभावना, शव हुआ क्षत-विक्षत
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, शव काफी पुराना लगभग 15-20 दिन प्रतीत हो रहा है। शव का निचला हिस्सा बुरी तरह सड़ चुका है। हालांकि, महिला के गले में लाल धागे में मंगलसूत्र, हाथों में कंगन और लाल चूड़ियाँ मिली हैं, जिससे उसके विवाहित होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। शव के ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं थे, जो मामले को और अधिक संदिग्ध बना रहा है।
हत्या या आत्महत्या? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है ताकि महिला की पहचान हो सके। थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद ही हो पाएगा।
#Siddharthnagar: जमीनी विवाद ने ली जान! 🚨 लोटन में घायल संदीप यादव की इलाज के दौरान मौत। गुस्साए परिजनों ने शव को लोटन चौराहे पर रखकर किया जाम। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात। #CrimeNews #Protest #UPPolice pic.twitter.com/QtEyeS6ps3
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 30, 2026























