इटवा
सिद्धार्थनगर जनपद के तहसील मुख्यालय के इटवा कस्बे से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के तहसील मुख्यालय के इटवा कस्बे से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ITI नहर क्षेत्र में एक झाड़ी के पास कपड़े में लिपटा हुआ एक ज़िंदा नवजात शिशु मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इंसानियत को शर्मसार करने वाली इस घटना में गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय युवकों की नज़र बच्ची पर पड़ गई जिससे उसकी जान बच सकी।
रोने की आवाज़ सुनकर ठिठके कदम
जानकारी के अनुसार, इटवा निवासी बब्लू रविवार को जब अपनी बाइक में पेट्रोल भराने जा रहे थे, तभी उन्हें नहर के पास से किसी बच्चे के रोने की तेज़ आवाज़ सुनाई दी। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। वहां कपड़े में लिपटी एक नवजात बच्ची पड़ी थी, जिसे जन्म के तुरंत बाद ही वहां लावारिस छोड़ दिया गया था। बच्ची की स्थिति इतनी नाजुक थी कि उसका नाड़ा तक नहीं कटा था।
इंसानियत की मिसाल: बब्लू और इरशाद बने देवदूत
बब्लू ने बिना देर किए अपने साथी इरशाद की मदद ली और तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। स्थानीय युवकों और पुलिस की सक्रियता से बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा ले जाया गया।
डॉक्टरों की निगरानी में नवजात
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा के डॉक्टरों ने बच्ची को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर देखभाल के लिए NICU में भर्ती किया। डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची फिलहाल पूरी तरह स्वस्थ है और उसे सघन निगरानी में रखा गया है। समय रहते अस्पताल पहुँचने के कारण बच्ची की जान को खतरा टल गया है।
पुलिस जांच में जुटी, खड़े हुए गंभीर सवाल
इस घटना ने समाज की सोच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर कौन अपनी ही संतान को इस तरह मरने के लिए नहर किनारे छोड़ गया? पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों व आशा बहुओं से हाल ही में हुए प्रसव की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि दोषियों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों ने बब्लू, इरशाद और पुलिस टीम की इस तत्परता की जमकर सराहना की है, जिन्होंने समय पर पहुँचकर एक नन्हीं जान को नया जीवन दिया।
विधूना : रामलीला मैदान में जय ब्राह्मण सेवा समिति द्वारा धूमधाम से मनाया गया परशुराम जन्मोत्सव https://t.co/t2c3xii6xd
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 19, 2026























