इटवा
सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा-डुमरियागंज मुख्य मार्ग पर आज सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा-डुमरियागंज मुख्य मार्ग पर आज सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। करहियां पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत में एक 18 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बताते चले कि त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चरखवा निवासी शाहआलम (18 वर्ष) पुत्र मोहम्मद उमर अपने साथी महफूज़ (26 वर्ष) पुत्र अहमद अली के साथ मोटरसाइकिल से इटवा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक करहियां पेट्रोल पंप के पास पहुँची, सामने से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शाहआलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल भी इसकी चपेट में आ गई। इस दूसरी बाइक पर सवार प्रदीप (20 वर्ष) और पार्वती (40 वर्ष) भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दौड़कर घायलों की मदद की और तत्काल एम्बुलेंस व पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, बाइक चालक महफूज़ की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक शाहआलम के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित कार को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है .
संतकबीरनगर: पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एसपी के निर्देश पर 106 पुलिसकर्मियों का तबादला pic.twitter.com/BCErJIw05M
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 6, 2026























