महराजगंज:1 अप्रैल से सड़कों पर उतरेगा प्रवर्तन दस्ता ,डग्गामार स्कूल वाहनों और पटाखा छोड़ने वाली बाइकों की खैर नहीं

महराजगंज

महराजगंज जनपद में नए शिक्षण सत्र की शुरुआत के साथ ही परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ आर-पार’की जंग का ऐलान कर दिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद में नए शिक्षण सत्र की शुरुआत के साथ ही परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ आर-पार’की जंग का ऐलान कर दिया है। आगामी 1 अप्रैल से पूरे जिले में बिना फिटनेस वाले स्कूल वाहनों और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों के खिलाफ एक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

परिवहन आयुक्त के निर्देश पर एआरटीओ मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीमें सड़कों पर मुस्तैद रहेंगी। नए सत्र के पहले महीने में मुख्य रूप से उन स्कूल बसों और वैनों की जांच की जाएगी जिनके पास फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं है या जो मानक विहीन हैं। बिना फिटनेस के बच्चों को ढोने वाले वाहनों को मौके पर ही जब्त करने की तैयारी है।

अभियान का दूसरा बड़ा लक्ष्य युवाओं द्वारा इस्तेमाल की जा रही मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकें हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई हालिया ‘सड़क सुरक्षा समिति’ की बैठक में इस पर कड़ा रुख अपनाया गया है।

यातायात पुलिस इंस्पेक्टर अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बैठक में चिंता जताई थी कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाती है, बल्कि हृदय रोगियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।सड़क सुरक्षा समिति ने इसे गंभीरता से लेते हुए ऐसी बाइकों को तत्काल जब्त करने का अनुमति दे दिया है।

 

Voice Of News 24