आगरा: मासूम की हत्या के आरोपी 25 हजारी इनामी सुनील का एनकाउंटर, पुलिस मुठभेड़ में ढेर

आगरा

ताजनगरी को झकझोर देने वाले 8 वर्षीय मासूम बालिका हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुनील को आगरा पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

ताजनगरी को झकझोर देने वाले 8 वर्षीय मासूम बालिका हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुनील को आगरा पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया है। 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सुनील की तलाश में पुलिस की 12 टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। शनिवार तड़के हुई इस मुठभेड़ में एक उपनिरीक्षक (दारोगा) को भी गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पेशे से पेंटर सुनील ने दो दिन पहले पड़ोस में रहने वाली 8 साल की बच्ची को बुरी नीयत से बहला-फुसलाकर अपने कमरे में बुलाया था। जब बच्ची ने विरोध किया, तो हैवान बने सुनील ने बड़ी ही बेरहमी से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पकड़े जाने के डर से उसने मासूम के शव को रसोई में रखे आटे के कनस्तर में छिपा दिया था।

शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शहर छोड़ने की फिराक में है। घेराबंदी के दौरान जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियों का शिकार हुआ सुनील मौके पर ही ढेर हो गया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी पर पूर्व में भी गंभीर मामले दर्ज थे और वह अत्यंत शातिर किस्म का अपराधी था।

इस एनकाउंटर के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और मामले की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

 

Voice Of News 24