सिद्धार्थनगर-बस्ती के बीच दूरी होगी कम: कुआनो नदी पर ₹17.50 करोड़ से बनेगा पक्का पुल, 100 गांवों को मिलेगी बड़ी राहत

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के अंतिम छोर पर बहने वाली कुआनो नदी पर दशकों पुरानी मांग अब हकीकत में बदलने जा रही है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर जनपद के अंतिम छोर पर बहने वाली कुआनो नदी पर दशकों पुरानी मांग अब हकीकत में बदलने जा रही है। कुआनो नदी पर ₹17 करोड़ 50 लाख की लागत से एक भव्य पक्के पुल का निर्माण जल्द शुरू होने वाला है। इस परियोजना को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे क्षेत्र के विकास को एक नई संजीवनी मिलने की उम्मीद है।

यह बहुप्रतीक्षित पुल सिद्धार्थनगर के भालुकोनी गांव को बस्ती जिले के बेलभौर गांव से सीधे जोड़ेगा। वर्तमान में यहाँ के ग्रामीण और स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर बांस-बल्ली से बने अस्थाई पुल या नाव के सहारे नदी पार करने को मजबूर हैं। बरसात के दिनों में संपर्क कट जाने से मरीजों को अस्पताल पहुँचाना और बच्चों का स्कूल जाना दूभर हो जाता था। इस पुल के निर्माण से करीब 100 गांवों के लाखों लोगों को इस जोखिम भरे सफर से स्थाई निजात मिल जाएगी।

परियोजना के लिए प्रथम किस्त के रूप में ₹6 करोड़ की धनराशि पहले ही जारी की जा चुकी है। सेतु निर्माण निगम के उप प्रबंधक कमलेश त्रिपाठी के अनुसार, तकनीकी स्वीकृति मिलते ही एक महीने के भीतर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा। यह पुल न केवल दो जिलों को जोड़ेगा, बल्कि सिद्धार्थनगर का बस्ती और गोंडा से सीधा संपर्क स्थापित कर व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी रफ्तार देगा।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ‘लाइफलाइन’ बताया है। पुल के साथ-साथ संपर्क मार्गों के निर्माण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन की सुविधाएं सुगम हो सकें।

 

Voice Of News 24