सिद्धार्थनगर: विकास खंड जोगिया में ग्राम रोजगार सेवकों का कलम बंद हड़ताल का ऐलान,अगस्त 2025 से मानदेय न मिलने पर फूटा गुस्सा

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में आज सोमवार को विकास खंड जोगिया के सभागार में ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन की एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के विकास खंड जोगिया में तैनात ग्राम रोजगार सेवकों ने प्रशासन के सौतेले व्यवहार और मानदेय भुगतान में बरती जा रही अनियमितताओं के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। आज सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय स्थित सभागार में ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई जिसमें सर्वसम्मति से 23 मार्च से 03 अप्रैल 2026 तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और कलम बंद हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार और संचालन कर रहे जिला मीडिया प्रभारी सतीश चन्द्र ने बताया कि विकास खंड जोगिया में तैनात ग्राम रोजगार सेवकों को अगस्त 2025 से अब तक मार्च 2026 मात्र 2 माह का मानदेय ही नसीब हुआ है। ब्लॉक उपाध्यक्ष ब्रहमचारी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारी गहरे आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।

एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक मद में उपलब्ध धनराशि का लेखाकार और खंड विकास अधिकारी द्वारा मनमाने ढंग से दुरुपयोग किया जा रहा है।

आरोप है कि उसी बजट से अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, लेखा सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटरों को जनवरी 2026 तक का भुगतान कर दिया गया है।

शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रशासनिक मद से सर्वप्रथम ग्राम रोजगार सेवकों के मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इस भेदभावपूर्ण रवैये से क्षुब्ध होकर एसोसिएशन ने सामूहिक रूप से विकास खंड कार्यालय के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।

हड़ताल के दौरान अनिल कुमार, चन्द्र शेखर, विश्वजीत भाष्कर, दिलीप कुमार, महेन्द्र सहित ब्लॉक के समस्त ग्राम रोजगार सेवकों ने पूर्ण कार्य बहिष्कार की घोषणा की है। बैठक में एकजुटता प्रदर्शित करते हुए चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।

Voice Of News 24 

 

 

 

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.