बुलंदशहर: अनिल मावी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बुलंदशहर

बुलंदशहर के जनपद अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना सिकंदराबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर के जनपद अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना सिकंदराबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार की तड़के पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अनिल मावी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता निवेश उर्फ नैनू पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जिसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है।

घेराबंदी और मुठभेड़ का घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, 20/21 मार्च की दरमियानी रात थाना सिकंदराबाद पुलिस जेवर अड्डा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह रुकने के बजाय ककोड़ रोड की तरफ भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर जौली गेट के पास बदमाश की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

शातिर अपराधी और बरामदगी

गिरफ्तार बदमाश की पहचान निवेश उर्फ नैनू (निवासी गुर्जर कॉलोनी, सिकंदराबाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद बाइक उसने सिकंदराबाद क्षेत्र से ही चोरी की थी।

अनिल मावी हत्याकांड से जुड़ा तार

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर किस्म का अपराधी है। वह बीते 4 मार्च 2026 को सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अनिल मावी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। इस मामले में पुलिस ने धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था, जिसमें वह लगातार वांछित चल रहा था। फिलहाल घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

 

Voice Of News 24