परतावल: ईद और चैत्र नवरात्रि को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, अराजक तत्वों को दी सख्त चेतावनी

परतावल

महराजगंज जनपद में आगामी ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्रि के पावन पर्वों के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए श्यामदेउरवा पुलिस ने शुक्रवार को परतावल कस्बे में फ्लैग मार्च किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद में आगामी ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्रि के पावन पर्वों के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए श्यामदेउरवा पुलिस ने शुक्रवार को परतावल कस्बे में फ्लैग मार्च किया। थाना प्रभारी (SO) अभिषेक सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम जनमानस में सुरक्षा का भाव पैदा किया।

पुलिस टीम ने परतावल-गोरखपुर मार्ग, पनियरा मार्ग और कप्तानगंज मार्ग सहित कस्बे के विभिन्न प्रमुख चौराहों और घनी आबादी वाले इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद स्थापित किया और त्योहारों को पारंपरिक भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के उत्साह के बीच कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुँचाने वालों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्टंटबाजी, तेज रफ्तार बाइकिंग और सड़कों पर अनावश्यक हुड़दंग मचाने वाले युवाओं को विशेष रूप से चिन्हित कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

एसओ अभिषेक सिंह ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ईद और नवरात्रि के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इस फ्लैग मार्च में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शम्भूनाथ सिंह, परतावल चौकी इंचार्ज अमित सिंह, उपनिरीक्षक सुनील सिंह, अंकित चौरसिया, अश्वनी गुप्ता, अक्षय सिंह, आकाश कुमार सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Voice Of News 24