देवरिया
देवरिया जनपद के बघौचघाट थाना क्षेत्र के मेहंदी पट्टी गांव में आरसीसी सड़क निर्माण के बाद बची हुई मामूली गिट्टी को लेकर दो पट्टीदार परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

देवरिया जनपद के बघौचघाट थाना क्षेत्र के मेहंदी पट्टी गांव में आरसीसी सड़क निर्माण के बाद बची हुई मामूली गिट्टी को लेकर दो पट्टीदार परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस विवाद में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई, जिसमें एक बुजुर्ग और उनकी नातिन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामूली बात पर भड़का विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में हाल ही में आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ था। सड़क बनने के बाद जो गिट्टी शेष बच गई थी, उसे अपने-अपने घर ले जाने की होड़ में भूखल प्रसाद और विश्वनाथ प्रसाद के परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। गुरुवार शाम को यह मामूली बहस देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए।
बुजुर्ग और युवती लहूलुहान
इस हिंसक मारपीट में 80 वर्षीय भूखल प्रसाद को निशाना बनाया गया। उन्हें बचाने दौड़ी उनकी 19 वर्षीय नातिन अनुष्का पर भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गई। इसके अलावा अनीता देवी (35) और कुसुम (40) को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। थाना पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुँचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देवरिया-भटनी रूट के यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 31 मार्च तक बदला इंटरसिटी एक्सप्रेस का रूटhttps://t.co/OpD8ztZx3r
— Voice of News 24 (@VOfnews24) March 20, 2026






















