महराजगंज: पत्नी के कथित अफेयर से आहत पति ने दो मासूम बच्चों संग दी जान, आरोपी पत्नी गिरफ्तार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के नौतनवा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पारिवारिक कलह और कथित अवैध संबंधों के चलते एक हँसता-खेलता परिवार उजड़ गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


महराजगंज जनपद के नौतनवा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पारिवारिक कलह और कथित अवैध संबंधों के चलते एक हँसता-खेलता परिवार उजड़ गया। पत्नी के आचरण से क्षुब्ध होकर एक युवक ने अपने दो मासूम बच्चों की जान लेने के बाद स्वयं भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना बीते 8 मार्च की है, जब अमरेश ठाकुर और उनके दो बच्चों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

दीवार पर लिखा सुसाइड नोट और वीडियो आए सामने

पुलिस की सघन जांच के दौरान घटनास्थल से दो वीडियो और दीवार पर लिखा एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में अमरेश ने अपनी और बच्चों की मौत के लिए अपनी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और कुछ अन्य परिजनों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।

अवैध संबंधों के कारण होता था विवाद

जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि अमरेश की पत्नी बन्दना कुमारी, जो एसएसबी (SSB) की 66वीं वाहिनी में सफाई कर्मी के पद पर तैनात है, उसका सोनू गौतम नामक युवक से कथित प्रेम संबंध था। दोनों के बीच फोन पर होने वाली बातचीत को लेकर अक्सर पति-पत्नी में विवाद और मानसिक तनाव बना रहता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर अमरेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

आरोपी पत्नी सलाखों के पीछे

साक्ष्यों और सुसाइड नोट के आधार पर नौतनवा पुलिस ने मंगलवार को घेराबंदी कर आरोपी पत्नी बन्दना कुमारी को नौतनवा गेट रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं और सुसाइड नोट में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

 

Voice Of News 24