महराजगंज: ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भीषण भिड़ंत, 25 वर्षीय सत्यम की मौत, दो अन्य गंभीर

महराजगंज

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुराली चौराहा पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुराली चौराहा पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की जान चली गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

एक ही बाइक पर सवार थे तीन दोस्त

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा बसहिया टोला उर्दहनी निवासी सत्यम यादव (25 वर्ष) अपने दो साथियों पिंटू (13 वर्ष) और कुंदन के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे मुराली चौराहे के पास पहुंचे, उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

मृतक सत्यम का फाइल फोटो
मृतक सत्यम का फाइल फोटो

मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल सीएचसी परतावल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सत्यम यादव ने दम तोड़ दिया। घायलों का उपचार अभी जारी है।

मजदूर पिता का सहारा छीन गया

मृतक सत्यम यादव तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता द्वारिका यादव दिहाड़ी मजदूरी कर बड़ी मुश्किल से परिवार का पालन-पोषण करते थे। घर के बड़े बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

Voice Of News 24