कैम्पियरगंज: मुर्गों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, डंपर को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

गोरखपुर

गोरखपुर जनपद के कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सड़क हादसा हो गया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

गोरखपुर जनपद के कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सड़क हादसा हो गया। घाघवा-धानी रोड मार्ग पर ग्राम खड़खड़िया के पास मुर्गों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में चालक और खलासी बाल-बाल बच गए, हालांकि वाहन में लदे भारी मात्रा में मुर्गों की मौत हो गई है।

डंपर को बचाने के प्रयास में पलटी गाड़ी

मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 5:00 बजे मुर्गों से भरी एक पिकअप तेज रफ्तार में धानी की तरफ जा रही थी। जैसे ही गाड़ी खड़कड़िया गांव के पास पहुंची, सामने से एक डंपर आ गया। डंपर से सीधी भिड़ंत बचाने के चक्कर में पिकअप चालक ने तेजी से स्टयरिंग घुमाई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क पर ही पलट गई।

ड्राइवर-खलासी सुरक्षित, मुर्गों का भारी नुकसान

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े। पिकअप के अंदर फंसे ड्राइवर और खलासी को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, गाड़ी पलटने और पिंजरों के दबने के कारण पिकअप में लदे सैकड़ों मुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे व्यापारी को काफी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

यातायात रहा प्रभावित

हादसे की सूचना मिलने पर बलुआ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बीच सड़क पर पिकअप पलटने के कारण कुछ देर के लिए मार्ग बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किनारे करवाकर यातायात सुचारू कराया।

 

Voice Of  News 24