सिद्धार्थनगर:मतदाता पुनरीक्षण में ‘घोर लापरवाही’ का आरोप, सपा यूथ ब्रिगेड ने जिलाधिकारी को सौंपा शिकायती पत्र

सिद्धार्थनगर

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम में जिला प्रशासन पर घोर लापरवाही और कमियों का आरोप लगाते हुए।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम में जिला प्रशासन पर घोर लापरवाही और कमियों का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव खुर्शीद अहमद खान ने जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने जमीनी स्तर पर सामने आ रही गंभीर समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

प्रमुख आरोप और शिकायतें

शिकायती पत्र के माध्यम से खुर्शीद अहमद खान ने कई गंभीर आरोप लगाए

गणना प्रपत्रों का वितरण: उन्होंने आरोप लगाया कि 2003, 2024 और 2025 की वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने के बावजूद ज्यादातर लोगों को गणना प्रपत्र नहीं दिए गए हैं।

सीरियल क्रमांक पर असमंजस: 2003 की वोटर लिस्ट के सीरियल क्रमांक में भिन्नता होने के कारण मतदाताओं में भ्रम की स्थिति है। उन्होंने प्रशासन से मान्य सीरियल क्रमांक को स्पष्ट करने की मांग की।

गलत विकल्प में फॉर्म अपलोड: आरोप लगाया गया कि कई मतदाताओं के गणना प्रपत्र सही भरने के बाद भी, बीएलओ द्वारा साइट न खुलने का बहाना बनाकर फॉर्म को गलत ‘ऑप्शन 3’ में अपलोड कर दिया गया है, जबकि चुनाव आयोग ने एडिटिंग का विकल्प दिया है।

योजनाबद्ध साजिश का आरोप: उन्होंने कहा कि जहां अल्पसंख्यक और वंचित तबके के लोगों की आबादी ज्यादा है, वहां यह काम योजनाबद्ध तरीके से किया गया है और इसकी जांच होनी चाहिए।

दस्तावेजों में कमी: ग्रामीण क्षेत्रों में दो की जगह केवल एक गणना प्रपत्र दिया जा रहा है और कई जगहों पर तो रिसिविंग भी नहीं दी जा रही है, जिसे उन्होंने एक साजिश करार दिया।

सपा नेता ने मांग की है कि प्रशासन की लापरवाही से जिन मतदाताओं के फॉर्म गलत ‘ऑप्शन 3’ में लोड किए गए हैं, उन्हें एडिटिंग के माध्यम से सुधार कर ‘ऑप्शन 1’ और ‘ऑप्शन 2’ में भरा जाए।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि गणना प्रपत्रों का शत प्रतिशत वितरण व संग्रह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को यह नहीं लगना चाहिए कि “उनके वोट को सत्ता की सुविधा के अनुसार गायब किया जा रहा है।”

इस दौरान सपा यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव सद्दाम हुसैन, सपा युवा नेता रियाज अहमद, सोनू प्रजापति, सरताज अहमद, अनिल कुमार गुप्ता, अशफाक अहमद खान, शमशाद अहमद, मंगल यादव सहित कई अन्य नेता उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24