राजस्थान :सीकर में बड़ा रेल हादसा: मालगाड़ी के 38 डिब्बे पटरी से उतरे

ब्यूरो रिपोर्ट

राजस्थान के सीकर जिले में रींगस-श्रीमाधोपुर रेल कॉरिडोर पर मंगलवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

राजस्थान के सीकर जिले में रींगस-श्रीमाधोपुर रेल कॉरिडोर पर मंगलवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। यहाँ एक चावल से लदी मालगाड़ी के करीब 38 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे के कारण रेल मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

हादसे का विवरण
उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) के जयपुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) रवि जैन ने बताया कि यह दुर्घटना श्रीमाधोपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक बी केबिन क्षेत्र में हुई। यह मालगाड़ी फुलेरा से रेवाड़ी की ओर जा रही थी।

बताया गया कि मालगाड़ी को मेन लाइन से लूप लाइन पर लेते समय अचानक एक डिब्बा पटरी से उतर गया, जिसके बाद पीछे के लगभग 38 डिब्बे एक के बाद एक डिरेल हो गए। हादसा इतना ज़ोरदार था कि कई डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए और ट्रैक पर मलबे का ढेर लग गया। घटना की तेज़ आवाज़ सुनकर आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के उच्च अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुँच गई। रातभर क्रेन और भारी मशीनों की मदद से पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने का काम जारी रहा। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। रेलवे ने जांच के आदेश दे दिए हैं और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल जारी है।

 

Voice Of News24