सिद्धार्थनगर: बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड वाहनों का आतंक, जिम्मेदारों की चुप्पी दे सकती बड़ी दुर्घटना को दावत

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद की सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आतंक चरम पर है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर जनपद की सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आतंक चरम पर है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक ये वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं, और जिम्मेदारों की कथित मिलीभगत के चलते इन पर लगाम नहीं लग पा रही है। ये ओवरलोड वाहन सुबह से शाम तक सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ते हैं, जो आमजन और राहगीरों के लिए कभी भी जानलेवा खतरा बन सकते हैं।

गैर-जनपद के वाहन, बिना नंबर प्लेट के ईंटों की ढुलाई

जानकारी के मुताबिक, इन दिनों गैर-जनपदों से भारी संख्या में कमर्शियल ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सिद्धार्थनगर में आकर गांव-गांव, शहर-शहर, गली-गली और मोहल्ले-मोहल्ले ईंट बेच रही हैं। इन वाहनों की सबसे बड़ी समस्या यह है कि इनमें से अधिकांश में नंबर प्लेट नहीं होती है और ये क्षमता से कहीं अधिक भार लेकर चलते हैं।

इसका एक ताजा उदाहरण दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच देखने को मिला। इटवा थाना क्षेत्र के हथियवां चौराहे से खुनियांव तक छह-छह ओवरलोडेड और ओवर-हाइट ट्रैक्टर-ट्रॉलियां देखी गईं, लेकिन इनमें से किसी भी वाहन में नंबर प्लेट नहीं थी।

प्रशासन की चुप्पी पर सवाल

ओवरलोड और मानकों को दरकिनार कर सड़क पर दौड़ रहे इन बेलगाम वाहनों पर प्रशासन लगाम क्यों नहीं लगा पा रहा है, यह एक बड़ा सवाल है। इन वाहनों से न केवल सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है, बल्कि ये सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की निष्क्रियता से इन वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं, जिससे वे खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है।

 

Voice Of News 24