महराजगंज: मधवलिया रेंज में बिजली के करंट से सारस की मौत, वन विभाग ने किया अंतिम संस्कार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के निचलौल क्षेत्र स्थित मधवलिया रेंज के बूढ़ाडीह कला गांव के सिवान (खेत) में आज गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई। बिजली के खंभे से निकले करंट की चपेट में आने से एक सारस गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल सारस को तत्काल निचलौल लाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

 

ग्रामीणों ने दी थी वन विभाग को सूचना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सारस खेत में विचरण कर रहा था, तभी अचानक वह एक बिजली के खंभे के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आकर तड़पने लगा। यह देख स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मधवलिया रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल सारस को सावधानी से उठाकर इलाज के लिए निचलौल ले आए।

पोस्टमार्टम के बाद जंगल में दफनाया गया शव
मधवलिया रेंज के रेंजर अजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सारस की मौत बिजली के करंट लगने से हुई है। उन्होंने बताया कि घायल सारस को बचाने का हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सारस के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे जंगल में दफन कर दिया गया।

 

 

 

 

Voice of News 24