बृजमनगंज

महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धानी बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक हिंसक आवारा कुत्ते ने राहगीरों और स्थानीय लोगों पर हमला बोल दिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धानी बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक हिंसक आवारा कुत्ते ने राहगीरों और स्थानीय लोगों पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते कुत्ते ने बाजार में मौजूद करीब 20 से 25 लोगों को अपना शिकार बनाते हुए बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश और भय है।
अचानक हुए हमले से मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धानी बाजार में रोजमर्रा की तरह चहल-पहल थी और लोग अपने कामों में व्यस्त थे। इसी बीच एक आवारा कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और जो भी सामने आया, उसे दौड़ा-दौड़ाकर काटना शुरू कर दिया। कुत्ते के इस अचानक और हिंसक हमले से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए और दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों के शटर गिराने शुरू कर दिए।
सीएचसी धानी से बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर
कुत्ते के हमले में घायल हुए सभी 20 से 25 लोग एक साथ इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी पहुंचे। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल परिसर में भी हड़कंप मच गया। सीएचसी के चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन कई लोगों के जख्म गहरे होने और गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति रोष
इस घटना के बाद से धानी बाजार और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर भेजने में डर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा इनकी धरपकड़ के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हिंसक कुत्ते को जल्द से जल्द पकड़वाया जाए ताकि क्षेत्र के लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों के तबादले https://t.co/eK7E1tibbE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 14, 2026



















