अनूपशहर

बुलंदशहर जनपद के बाल दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को अनूपशहर स्थित ‘परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी’ में एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के बाल दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को अनूपशहर स्थित ‘परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी’ में एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने विद्यालय की छात्राओं एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधा संवाद किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था की सीईओ श्रीमती सपना वर्मा ने मुख्य अतिथि डॉ. बबिता सिंह चौहान सहित सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन किया।
सरकारी योजनाओं और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
संवाद के दौरान डॉ. बबिता सिंह चौहान ने महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके कार्यों, आजीविका के साधनों और अनुभवों को जाना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने संस्था में मिल रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस संस्थान में आप पढ़ रही हैं, वहां से आपके उज्ज्वल भविष्य को लेकर मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छात्राओं ने मोहा मन
बाल दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं ने नृत्य, नाटक, भाषण और सामूहिक गीत सहित विविध मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर अनूपशहर के ब्लॉक प्रमुख अतुल कुमार ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं, संस्था के अध्यक्ष लोकेंद्र पाल सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था ग्रामीण बेटियों को शिक्षित कर उन्हें आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में ये अधिकारी और गणमान्य रहे मौजूद
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अनूपशहर, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रुचिका, बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक चिंतन चौधरी, एनएपीपी नरौरा से राजकुमार चौधरी, बाल कल्याण समिति के पूर्व सदस्य एवं एनआरसी खुर्जा के मनोविज्ञान प्रोफेसर भूपेंद्र, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुनेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता अभय गर्ग, हर्षित गर्ग और पत्रकार मनोज कुमार गोल्डी सहित अनेक गणमान्य नागरिक व शिक्षक उपस्थित रहे।
एक नजर: ग्रामीण बेटियों की तकदीर बदल रही ‘परदादा परदादी’ संस्था
परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी की स्थापना स्वर्गीय वीरेंद्र सैम सिंह द्वारा बुलंदशहर के अनूपशहर में की गई थी। पिछले 25 वर्षों से यह संस्था ग्रामीण भारत में गरीबी के चक्र को तोड़ने के लिए बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने का कार्य कर रही है। वर्तमान में संस्था अपने विद्यालय में 4,000 से अधिक लड़कियों को शिक्षा प्रदान कर रही है, जिनमें से 304 से अधिक छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत हैं, जबकि 273 बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। संस्था की परियोजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के 138 गांवों तक पहुंच रहा है।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों के तबादले https://t.co/eK7E1tibbE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 14, 2026


















