अनूपशहर

बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर कस्बे की नवविकसित राजेश्वर एंक्लेव (अंकुर कॉलोनी) में चोरों ने पुलिस गश्त को खुली चुनौती देते हुए राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष विक्की कौशिक के बंद मकान को अपना निशाना बनाया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर कस्बे की नवविकसित राजेश्वर एंक्लेव (अंकुर कॉलोनी) में चोरों ने पुलिस गश्त को खुली चुनौती देते हुए राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष विक्की कौशिक के बंद मकान को अपना निशाना बनाया। अज्ञात चोर छत के जाल के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात तथा घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात शुक्रवार रात उस समय अंजाम दी गई, जब पीड़ित परिवार सहित अपनी बहन के घर आयोजित जागरण कार्यक्रम में शामिल होने गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।
छत के जाल से अंदर घुसे चोर, रात एक बजे लौटने पर उड़े होश
मिली जानकारी के अनुसार, राजेश्वर एंक्लेव निवासी विक्की कौशिक शुक्रवार को अपने मकान का ताला लगाकर परिवार के साथ गांव खलसिया में अपनी बहन रूबी के घर आयोजित जागरण में शामिल होने गए थे। देर रात करीब एक बजे जब वे वापस घर लौटे और अंदर का नजारा देखा तो सन्न रह गए। कमरे में रखी अलमारी का दरवाजा खुला पड़ा था और सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था। पड़ताल करने पर पता चला कि चोर घर के पीछे की दीवार से सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े और फिर लोहे के जाल के रास्ते मकान के भीतर दाखिल हुए। चोरों ने अलमारी की डिब्बी में रखी सोने की दो अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, गले की कंठी, पत्नी व बेटी की चांदी की पाजेब सहित घर में रखा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित ने तत्काल डायल-112 और स्थानीय पुलिस को चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में छानबीन की और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से फिंगरप्रिंट व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कराए। इस संबंध में सीओ अनूपशहर शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं। उन्होंने जल्द ही वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
ढाई महीने में 100 मीटर के दायरे में दूसरी बड़ी चोरी, लोगों में रोष
गौरतलब है कि इस इलाके में ढाई महीने के भीतर चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। इससे पूर्व बीती 30 अगस्त की रात विक्की कौशिक के आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित राजेश्वरी एन्क्लेव में चोरों ने शिक्षामित्र कविता देवी के बंद मकान का ताला तोड़ा था। उस समय कविता देवी रक्षाबंधन पर्व पर अपने पैतृक गांव बहेरी खेड़ा गई हुई थीं और चोर उनके घर से पांच जोड़ी चांदी की पाजेब, सोने के कुंडल, पेंडेंट, तीन अंगूठियां, एक साइकिल और सरसों का एक कट्टा चोरी कर ले गए थे। कविता देवी के भाई मोहित का कहना है कि ढाई महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस आज तक उस चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है, जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं और क्षेत्र के लोगों में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर गहरा रोष है।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों के तबादले https://t.co/eK7E1tibbE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 14, 2026


















