सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद पुलिस ने लूट, हत्या और चोरी जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त एक संगठित आपराधिक गिरोह पर शिकंजा कसते हुए चार शातिर आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद पुलिस ने लूट, हत्या और चोरी जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त एक संगठित आपराधिक गिरोह पर शिकंजा कसते हुए चार शातिर आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने गोल्हौरा निवासी सतीश गौड़ (पुत्र शिवदीन गौड़) को इस गिरोह का सरगना गैंग लीडर बनाया है।
गिरोह के सदस्य व आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अजगरा निवासी रोहन चौहान पुत्र छोटे लाल चौहान, जमहिरिया निवासी कृष्ण कुमार पुत्र नीरब और गोल्हौरा निवासी राजू शर्मा उर्फ कृष्णा (पुत्र तारकेश्वर शर्मा) को इस गिरोह के सक्रिय सदस्य के रूप में नामांकित किया गया है। यह गिरोह भौतिक व आर्थिक लाभ के लिए क्षेत्र में संगठित रूप से आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था।
ज्वैलर हत्याकांड व लूट कांड का प्रमुख मामला
इस गिरोह द्वारा अंजाम दी गई प्रमुख घटनाओं में 11 अप्रैल 2025 का चर्चित सर्राफा व्यापारी हत्याकांड शामिल है। रिटिकरा निवासी आशीष कुमार और उनके भाई प्रांजल कुमार अपनी दुकान ‘प्रांजल ज्वैलर्स’ बंद कर सोने-चांदी के आभूषण लेकर घर लौट रहे थे। बगीचे के पास बाइक सवार उक्त चारों आरोपियों ने घेराबंदी कर प्रांजल कुमार की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी और डिग्गी से करीब 1.5 किलो चांदी व 50 ग्राम सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए थे।
माल व हथियार बरामद, चार्जशीट दाखिल
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सतीश गौड़, रोहन चौहान, कृष्ण कुमार और राजू शर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त वाहन व अवैध तमंचे बरामद किए थे। चारों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त आरोपी राजू शर्मा पर चोरी तथा अन्य सदस्यों पर अलग-अलग संगीन मामले दर्ज हैं।
उपनिरीक्षक नंदलाल यादव को सौंपी गई जांच
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चारों आरोपियों की निरंतर आपराधिक गतिविधियों और गिरोह बनाकर खौफ का माहौल पैदा करने के आधार पर गोल्हौरा थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक नंदलाल यादव को सौंपी गई है।
राज्य शिक्षक पुरस्कार विजेता डॉ. अजीत श्रीवास्तव का लालगंज में भव्य नागरिक अभिनंदन, शिक्षकों ने सराहाhttps://t.co/QPx5xH2vUp
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 25, 2026












