मिर्जापुर: खतौनी में नाम दर्ज कराने के नाम पर 5 हजार घूस लेते चकबंदी लेखपाल गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने तहसील परिसर से दबोचा

मिर्जापुर

मिर्जापुर जनपद की लालगंज तहसील में एंटी करप्शन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चकबंदी लेखपाल को ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

मिर्जापुर जनपद की लालगंज तहसील में एंटी करप्शन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चकबंदी लेखपाल को ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सोमवार को तहसील परिसर से हुई इस गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

खतौनी की नकल और नाम दर्ज कराने के लिए मांगी थी घूस

जानकारी के मुताबिक, मझिगवां गांव निवासी लालजी सिंह ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित किसान का आरोप था कि उनकी पत्नी का नाम आदेशानुसार खतौनी में दर्ज कराने और उसकी नकल उपलब्ध कराने की एवज में चकबंदी लेखपाल दीपक कुमार मौर्य लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। सोमवार को जैसे ही लालगंज तहसील परिसर के एक कमरे में लेखपाल ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लिए, पहले से मुस्तैद टीम ने उसे केमिकल लगे नोटों के साथ रंगे हाथ दबोच लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल को तुरंत हिरासत में लेकर लालगंज थाने ले आई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया है। इस ट्रैप कार्रवाई में टीम प्रभारी/निरीक्षक कृष्णवतार सिंह, निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, निरीक्षक अनिल कुमार चौरसिया सहित मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल रहे।

लेखपाल ने बताया साजिश, चकबंदी अधिकारी ने भी किया बचाव

उधर, मामले में आरोपी चकबंदी लेखपाल दीपक कुमार मौर्य का कहना है कि उसे एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया गया है। लेखपाल के मुताबिक, जिस किसान का मामला है, उसका अपने ही रिश्तेदारों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। वहीं, थाने में लेखपाल से मिलने पहुंचे चकबंदी अधिकारी ने भी लेखपाल का पक्ष लेते हुए उसकी बातों का समर्थन किया। फिलहाल पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई में जुटी है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.