महराजगंज
महराजगंज जनपद के परतावल क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षामित्र पर विद्यालय की सरकारी बिजली से निजी ई-रिक्शा चार्ज करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में विद्यालय परिसर के भीतर एक निजी ई-रिक्शा चार्ज होता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि सरकारी संसाधनों का निजी उपयोग किया गया, जो नियमों के विपरीत है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय की सरकारी बिजली का निजी कार्य के लिए उपयोग किया गया है, तो यह अनुचित है और नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, ग्राम प्रधान ने भी इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद विद्यालय परिसर में किसी भी निजी ई-रिक्शा को चार्ज करने पर तत्काल रोक लगा दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह ने कहा कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी। यदि जांच में सरकारी बिजली का निजी उपयोग और नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विभागीय नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












