बलिया
बलिया पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुबहड़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से 315 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है।
थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शुभेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जनाड़ी चौराहे से आगे जनेश्वर मिश्र सेतु मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप (संख्या: UP60BT6233) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 35 पेटी ‘ब्ल्यू लाईम’ अवैध देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 45-45 पाउच (प्रति पाउच 200 एमएल) यानी कुल 1,575 पाउच अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 315 लीटर है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। इस मामले में अज्ञात तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 63 और 72 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।













