महराजगंज: ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ पर भक्तिमय हुआ जनपद, गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में कलश यात्रा और रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन

महराजगंज

महराजगंज जनपद में भारत की आस्था और गौरवशाली परंपरा के प्रतीक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर सोमवार को जनपद के समस्त शिवालयों में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद में भारत की आस्था और गौरवशाली परंपरा के प्रतीक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर सोमवार को जनपद के समस्त शिवालयों में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर से लेकर कलेक्ट्रेट सभागार तक, पूरा जिला आध्यात्मिक चेतना से सराबोर नजर आया।

गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में कलश यात्रा और रुद्राभिषेक

मुख्य कार्यक्रम का आयोजन चौक स्थित सुप्रसिद्ध गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत चौक से मंदिर स्थित शिवालय तक भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सिर पर मंगल कलश लिए सम्मिलित हुईं।

कलश यात्रा के समापन के बाद परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा और जिला सूचना अधिकारी सहित तमाम श्रद्धालुओं ने विधिवत रुद्राभिषेक कर जनकल्याण की कामना की। अनुष्ठान के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में सोमनाथ संवाद का आयोजन किया गया, जहाँ मुख्य विकास अधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने गुजरात के सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत के संघर्ष और गौरव का प्रतीक है। सोमनाथ मंदिर हजारों वर्षों से भारतीय सभ्यता को एकता और आत्मविश्वास का संदेश दे रहा है। यह पर्व आधुनिक पीढ़ी को हमारी आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली विरासत से रूबरू कराने का एक सशक्त माध्यम है।

जनपद के शिवालयों में स्वच्छता और पूजन

पर्व के उपलक्ष्य में जिले के सभी प्रमुख शिवालयों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंदिरों में सुबह से ही मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक के कार्यक्रम चलते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की महत्ता को साझा किया।

राष्ट्रीय आयोजन का हिस्सा बना जनपद

गौरतलब है कि गुजरात के प्रभास पाटन स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूजन कर देश को संबोधित किया। इसी कड़ी में वाराणसी में राज्यपाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतिभाग किया, जिसका सीधा प्रसारण जनपद के विभिन्न स्थानों पर आमजन और अधिकारियों द्वारा देखा गया।


Voice Of News 24