दानपुर: बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से मक्का की फसल बर्बाद, किसानों ने लगाई मुआवजे की गुहार

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के दानपुर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम मौसम ने अचानक अपना रौद्र रूप दिखाया। तेज आंधी और बारिश के साथ हुई हल्की ओलावृष्टि ने क्षेत्र के किसानों की कमर तोड़ दी है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के दानपुर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम मौसम ने अचानक अपना रौद्र रूप दिखाया। तेज आंधी और बारिश के साथ हुई हल्की ओलावृष्टि ने क्षेत्र के किसानों की कमर तोड़ दी है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण खेतों में खड़ी मक्का की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई हैं।

खेतों में बिछ गई फसल

स्थानीय किसानों का कहना है कि आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि मक्का की तैयार फसल पूरी तरह खेतों में बिछ गई है। फसल गिरने और पानी भरने से अनाज की गुणवत्ता खराब होने का खतरा पैदा हो गया है, जिसका सीधा असर पैदावार और बाजार भाव पर पड़ेगा। किसान मनीष कुमार, मनोज कुमार, ओमप्रकाश, यतीश, लोकेश और सचिन ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और ओलों ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है।

प्रशासन से मुआवजे की मांग

नुकसान का जायजा लेते हुए राजपाल प्रधान, योगेश, अरविंद शर्मा और मास्टर कुलदीप शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त किया। किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर क्षति का आकलन किया जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। किसानों के अनुसार, यदि उन्हें आर्थिक सहायता नहीं मिली तो उनके सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो जाएगा।

शुक्रवार तक अलर्ट जारी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार तक मौसम खराब रहने की आशंका है। किसानों को डर है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो बची-कुची फसल भी नष्ट हो जाएगी। फिलहाल, पूरी तहसील के किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मौसम साफ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। इस बेमौसम मार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़े झटके के संकेत दिए हैं।

 

 

Voice Of News 24