गोरखपुर : आनंदलोक अस्पताल में ऑपरेशन के बाद युवक की मौत, परिजनों ने चिकित्सकों पर लगाया गंभीर आरोप, किया जमकर हंगामा 

गोरखपुर 

गोरखपुर के चर्चित अस्पताल आनंदलोक में पित्त की थैली के ऑपरेशन के बाद पीपीगंज निवासी अभिषेक मद्धेशिया की मौत हो गई। स्वजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ न्यूज़ 24 की ख़ास रिपोर्ट।

 

गोरखनाथ क्षेत्र में स्थित आनंदलोक हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्वजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।

 

वाॅइस ऑफ न्यूज़ 24 संवाददाता को मिली जानकारी अनुसार, युवक की पहचान पीपीगंज के भगवानपुर वार्ड नंबर 16 निवासी अभिषेक मद्धेशिया के रूप में हुई है। स्वजन के मुताबिक, अभिषेक के पित्त की थैली में पथरी की शिकायत थी और उसका इलाज आनंदलोक हास्पिटल में चल रहा था। डाक्टर के कहने पर मंगलवार की शाम अभिषेक को भर्ती किया गया। रात 8:30 बजे डाक्टरों ने आपरेशन किया, लेकिन खून ज्यादा बहने से उसकी हालत बिगड़ गयी। बुधवार की सुबह 5:30 बजे अभिषेक की मौत हो गई। स्वजन का आरोप है कि डाक्टरों ने उसकी हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और मौत के बाद अस्पताल से गायब हो गए। अभिषेक के पिता सुरेश मद्धेशिया ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही से उनके बेटे की जान चली गई।

इस संबंध में गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि युवक के पिता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

 

Voice Of News 24