वृंदावन: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद, आध्यात्मिक विषयों पर हुई चर्चा

वृंदावन

मथुरा जनपद में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने ब्रज प्रवास के दौरान शुक्रवार को भक्ति की नगरी वृंदावन पहुंचीं।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मथुरा जनपद में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने ब्रज प्रवास के दौरान शुक्रवार को भक्ति की नगरी वृंदावन पहुंचीं। यहाँ उन्होंने केली कुंज स्थित प्रख्यात संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुँचकर उनसे भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। राष्ट्रपति के इस आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के अत्यंत कड़े इंतजाम किए गए थे और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।

आश्रम में राष्ट्रपति मुर्मू और संत प्रेमानंद महाराज के बीच काफी देर तक आध्यात्मिक चर्चा हुई। महाराज जी ने राष्ट्रपति को ब्रज की प्राचीन भक्ति परंपरा, राधा-कृष्ण के प्रति अनन्य प्रेम और यमुना संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। साथ ही, उन्होंने समाज सेवा और लोक कल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी भी साझा की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा, प्रेमानंद महाराज जैसे संत समाज को न केवल आध्यात्मिक शांति प्रदान कर रहे हैं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य भी कर रहे हैं। राष्ट्रपति ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को अक्षुण्ण रखने में संतों की भूमिका को राष्ट्र के लिए गौरवमयी बताया।

मुलाकात के अंत में संत प्रेमानंद महाराज ने राष्ट्रपति को आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया। राष्ट्रपति ने भी अत्यंत विनम्रता के साथ संतों के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया। इस ऐतिहासिक भेंट के दौरान आश्रम परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और दिव्यता से सराबोर नजर आया।

Voice Of News 24