बलरामपुर: न्यायिक कार्यवाही में तेजी लाने के लिए एएसपी ने की समीक्षा बैठक, पैरोकारों और कोर्ट मोहर्रिरों को दिए सख्त निर्देश

बलरामपुर

बलरामपुर जनपद में न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर जनपद में न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित इस गोष्ठी की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने की। बैठक में अपर निदेशक अभियोजन हवलदार सिंह यादव और मॉनिटरिंग सेल प्रभारी बृजानन्द सिंह सहित समस्त थानों के पैरोकार और कोर्ट मोहर्रिर उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने गंभीर अपराधों, विशेषकर महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाले मामलों में प्रभावी साक्ष्य और केस डायरी समय से न्यायालय में प्रस्तुत की जाए। एएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधियों को सजा दिलाने के लिए मजबूत चार्जशीट और ठोस दस्तावेजी साक्ष्य पेश करना अनिवार्य है।

न्यायिक कार्यों में आधुनिकता और पारदर्शिता लाने के लिए गूगल शीट ऐप के उपयोग पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि न्यायालय द्वारा जारी सम्मन, वारंट (BW/NBW) और अन्य आदेशिकाओं की तामीला रिपोर्ट तत्काल ऐप पर अपडेट की जाए। गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और सम्मन तामीला के बाद उसे समय से न्यायालय वापस भेजने के लिए डिजिटल फीडिंग को अनिवार्य बनाया गया है।

बैठक के अंत में एएसपी ने विभागीय समन्वय बनाए रखने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त पैरवी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसपी कार्यालय के रीडर, सम्मन सेल और मॉनिटरिंग सेल के समस्त अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Voice Of News 24