महराजगंज: इजरायल भेजने के नाम पर 4.42 लाख की ठगी, पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर

महराजगंज

महराजगंज जनपद के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


महराजगंज जनपद के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। परसा सिंहुली वनग्राम (27 नर्सरी) निवासी जय प्रकाश निषाद ने अपने पुत्र के साथ हुई लाखों रुपये की ठगी के संबंध में पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

तहरीर के अनुसार, गांव के ही एक व्यक्ति ने जय प्रकाश के पुत्र राजकुमार निषाद को इजरायल में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित परिवार ने अलग-अलग किस्तों में नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 4.42 लाख रुपये की बड़ी धनराशि थमा दी। इसके बाद युवक को कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बहाने मुंबई भेज दिया गया, जहाँ वह कई महीनों तक भटकता रहा, लेकिन उसे विदेश नहीं भेजा गया। पीड़ित का आरोप है कि अब आरोपी न तो नौकरी दिला रहा है और न ही ली गई रकम वापस कर रहा है, बल्कि केवल तारीख पर तारीख देकर गुमराह कर रहा है।

पुलिस की कार्रवाई

थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को अपने-अपने साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए थाने बुलाया है। जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Voice Of News 24